अमर सिंह के मुताबिक पार्टी में हुए जया बच्चन के साथ झगड़े के बाद से दोनों परिवारों में दूरियां

कभी अमिताभ बच्चन के बेहद करीबी रहे राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने बच्चन परिवार से माफी मांगी है। अमर सिंह और बच्चन परिवार के बीच सालों से रिश्ते में तल्खी आ गई थी। जिसके बाद दोनों ही परिवारों की ओर से तीखी टिप्पणियों का दौर चलता रहा। लेकिन अब अमर सिंह ने इन टिप्पणियों को विराम देने का मन बना लिया है। जिसके चलते अब उन्होंने बच्चन परिवार से माफी मांगी है।


अमर सिंह और बच्चन परिवार के बीच का विवाद जितना पुराना है उससे भी कहीं पुराना दोनों के बीच का रिश्ता रहा है। दोनों एक समय में एक दूसरे के परिवार के सदस्य रहे हैं। लेकिन दोनों के बीच कुछ ऐसा हुआ कि एकाएक अमर सिंह अमिताभ के परिवार पर हमलावर हो गए। उन्होंने बच्चन परिवार के ऊपर निशाना साधना शुरू कर दिया। अमर सिंह ने अमिताभ बच्चन को ऐसा अभिनेता बताया जो कई अपराधों में उलझे रहे। साथ ही साथ परिवार के क्लेश के बारे में भी कई बातें उजागर की अमिताभ बच्चन और अमर सिंह के बीच हुए विवाद के बारे अमर सिंह ने खुद उजागर किया था। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों के बीच क्या हुआ इस बारे में अमर सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया था। इस इंटरव्यू में अमर सिंह ने बताया था कि दोनों परिवार के बीच की दूरी की वजह अमिताभ बच्चन की पत्नी जया बच्चन थीं। दरअसल साल 2012 में अनिल अंबानी के घर एक पार्टी का आयोजन हुआ था। इस पार्टी में कई दिग्गज पहुंचे थे। इनमें ही अमर सिंह और बच्चन परिवार भी शामिल हुआ था। पार्टी के दौरान अमर सिंह का जया बच्चन से किसी बात पर विवाद हो गया। बस यही दोनों के बीच की दूरी की वजह बनी।




अमर सिंह के मुताबिक पार्टी में हुए जया बच्चन के साथ झगड़े के बाद से दोनों परिवारों में दूरियां आ गई हैं। उस झगड़े में अमिताभ बच्चन ने अपनी पत्नी जया बच्चन का साथ दिया था। जो अमर सिंह को पसंद नहीं आया था। इसके बाद से ही अमर सिंह और बच्चन परिवार के बीच दूरियां बढ़ गईं। अमर सिंह ने कई मौकों पर बच्चन परिवार पर निशाना भी साधा हालांकि अमर सिंह की बातों का बच्चन परिवार ने कभी कोई जवाब नहीं दिया। एक बार अमिताभ ने बस इतना कहा था कि वो मित्र हैं उन्हें बोलने का अधिकार है। दोनों के बीच आई इस दरार के आठ साल बाद अब अमर सिंह ने अमिताभ बच्चन के परिवार से माफी मांगी है। गौरतलब है कि अमर सिंह इन दिनों सिंगापुर में अपना इलाज करवा रहे हैं। जहां एक वीडियो जारी कर उन्होंने अमिताभ के परिवार से माफी मांगी है।